CRPF हेड कांस्टेबल का उसके पति द्वारा हाथ काटने के मामले में NCW ने लिया संज्ञान, अब आगे क्या होगा?

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (28 अगस्त 2023): उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर इलाके के एक होटल में आपसी झगड़े के बाद केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक हेड कांस्टेबल का उसके पति ने कथित तौर पर हाथ काट दिया। इस घटना का राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने स्वत: संज्ञान लिया है और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही, 5 दिनों के अंदर एक विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है‌।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने एक्स पर एक ट्वीट कर कहा कि “राष्ट्रीय महिला आयोग ने दिल्ली के आदर्श नगर में हुई एक दुखद घटना का स्वत: संज्ञान लिया है। हम सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल का उसके पति द्वारा हाथ काटने के कथित कृत्य की कड़ी निंदा करते हैं। हम त्वरित कानूनी कार्रवाई, आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी, पीड़िता के लिए मुफ्त चिकित्सा उपचार और 5 दिनों के भीतर आयोग को एक विस्तृत रिपोर्ट देने की मांग करते हैं।”

दिल्ली पुलिस ने शनिवार को कहा कि उत्तर पश्चिमी दिल्ली के आदर्श नगर के एक होटल में एक सीआरपीएफ हेड कांस्टेबल का उसके पति ने कथित तौर पर झगड़े के बाद हाथ काट दिया। दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह दंपति उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है। उन्होंने शुक्रवार को दोपहर करीब तीन बजे होटल में चेक इन किया था। महिला सीआरपीएफ की विभागीय परीक्षा देने के लिए दिल्ली आई थी। पुलिस के अनुसार ऐसा संदेह है कि आरोपी ने अपनी 28 वर्षीय पत्नी को कुछ खिलाया होगा, जिसके बाद वह बेहोश हो गई और बाद में उसने शुक्रवार शाम को उसका हाथ काट दिया। उसके बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। जब महिला को होश आया तो उसने होटल स्टाफ को बुलाया जिसने बाद में पुलिस को सूचना दी।

इस मामले में दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि “हम पीड़िता द्वारा दी गई जानकारी की जांच कर रहे हैं. महिला अर्धबेहोशी की हालत में है और उसे बाबू जगजीवन राम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित महिला फिलहाल हमें अधिक जानकारी देने की स्थिति में नहीं है। हालांकि, हम आरोपी पति का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, जो फरार है। इस घटना के संबंध में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 यानी हत्या का प्रयास के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस इस मामले की जांच में जुटी है।”