पूरी दुनिया में भारत की जीत का जश्न, दुनियाभर के दिग्गज राष्ट्रों ने भारत और इसरो को दी शुभकामनाएं

टेन न्यूज़ नेटवर्क

दिल्ली, (25 अगस्त, 2023): चंद्रयान 3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पूरी मानवता के लिए एक उपहार के रूप में साबित हुई है। हालांकि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इसरो ने भी इस जीत को समूची मानवता के लिए हितकारी बता रहे हैं। यह वाक्यांश भी ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ को उजागर करता है।

हालांकि भारत की इस जीत पर दुनिया भर में जश्न देखने को मिल रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इसरो को दुनिया भर के देशों से बधाइयां और शुभकामनाएं मिल रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में गुरुवार को अपने बयान में भी कहा कि मुझे कल से सभी के बधाई संदेश मिल रहे हैं। दुनिया भर में इस उपलब्धि को केवल एक देश की नहीं बल्कि पूरी मानवता की सफलता के तौर पर देखा जा रहा है, यह पूरी दुनिया की ओर से भारतीय वैज्ञानिकों को शुभकामना देने का अवसर है।

पीएम मोदी ने भूटान के प्रधानमंत्री लोटे शेरिंग, मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प दहल कमल प्रचंड, जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होल्नेस, मेडागास्कर के राष्ट्रपति एंड्री राजोएलिना, स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज, ईयू कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, नॉर्वे के प्रधानमंत्री जोनास गहर स्टोर, दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम, संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान और आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिन्यान का ट्वीटर पर आभार जताया।

वहीं, नासा के चीफ बिल नेल्सन ने चंद्रयान-3 के सफल लैंडिंग पर इसरो को बधाई देते हुए कहा कि आपकी सफल चंद्रयान-3 चंद्र दक्षिणी ध्रुव लैंडिंग पर बधाई हो इसरो। चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर भारत को बधाई। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।

राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुभकनाएं देते हुए लिखा है कि भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की सफल लैंडिंग के अवसर पर मेरी हार्दिक बधाई स्वीकार करें। चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास है। यह अंतरिक्ष अन्वेषण में एक बड़ा कदम है और निश्चित रूप से विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की ओर से की गई प्रभावशाली प्रगति का प्रमाण है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के नेतृत्व और कर्मचारियों को नई उपलब्धियों के लिए मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।

यूरोप की स्पेस एजेंसी ने लिखा कि इसरो ने एक ऐतिहासिक जीत प्राप्त की है हम इसरो की इस जीत पर पूरे भारत को शुभकामनाएं देते हैं।।