चंद्रयान- 3 की सफलता पर बोले कांग्रेस नेता- हमारे वैज्ञानिकों ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की है लेकिन…

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 अगस्त 2023): चंद्रयान-3 ने बुधवार शाम को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरकर इतिहास रच दिया है। इस सफलता के साथ ही भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान उतारने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है। जबकि चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है। इससे पहले अमेरिका, चीन और रूस ने चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग की है। चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग पर देश और दुनिया भर से इसरो को बधाई मिल रही है। चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 की सफलतापूर्वक लैंडिंग पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित की प्रतिक्रिया सामने आई है।

कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा कि “हमारे वैज्ञानिकों की क्षमताओं पर कभी संदेह नहीं था। पिछले कुछ वर्षों में मिसाइल तकनीक, संचार के लिए रॉकेट उपग्रह आदि ऐसी चीजों की क्षमताएं एक-एक करके बढ़ी हैं। मुझे याद है 2005 या 2006 में हमने चंद्रमा पर मानव रहित मिशन भेजने की तैयारी शुरू की थी। यह एक सतत प्रक्रिया रही है और यह एक अद्भुत उपलब्धि है।”

उन्होंने आगे कहा कि “प्रत्येक व्यक्ति को एक ही प्रकार की प्रसन्नता का अनुभव हुआ। यह एक उत्सव जैसा था। मुझे याद है जब कमांडर राकेश शर्मा अंतरिक्ष में गए थे, तो भी ऐसा ही माहौल था। हमारे वैज्ञानिकों ने बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं लेकिन राकेश शर्मा, आर्यभट्ट और चंद्रयान-3 मेरी स्मृति में तीन मील के पत्थर हैं।”

गौरतलब है कि भारत का चंद्र मिशन चंद्रयान-3 बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग की है।