DTC बस में कंडक्टर ने अपने साथियों के साथ मिलकर महिला से किया रेप

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 अगस्त 2023): दिल्ली के तिमारपुर इलाके में महिला के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। DTC बस के एक कंडक्टर और उसके दोस्तों ने नौकरी दिलवाने के नाम पर एक महिला के साथ दुष्कर्म किया है। वारदात के दौरान आरोपी ने पीड़िता के अश्लील फोटो और वीडियो बना ली। फिर इंटरनेट मीडिया पर उसे प्रसारित करने की धमकी देकर और डिलीट करने के नाम पर डेढ़ साल तक कई बार दुष्कर्म किया। वहीं इस मामले में अब दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने दिल्ली पुलिस और DTC को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। इस बात की जानकारी स्वाति मालीवाल ने एक्स पर ट्वीट करके दी है।

स्वाति मालीवाल ने ट्वीट में कहा कि “दिल्ली में एक बस कंडक्टर ने अपने दोस्तों के साथ मिलके एक महिला के साथ दुष्कर्म किया और उसकी वीडियो बनाई। ये मामला बेहद ख़ौफ़नाक और शर्मनाक है। मामले में सख़्त कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु दिल्ली पुलिस और DTC को नोटिस जारी कर के जवाब माँगा है।”

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में जानकारी देते हुए बुधवार को बताया कि दिल्ली परिवहन निगम (DTC) में कार्यरत एक बस कंडक्टर और उसके दोस्त के खिलाफ सरकारी स्वामित्व वाले परिवहन उपक्रम में नौकरी दिलाने के बहाने एक महिला से कथित तौर पर दुष्कर्म करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरा फरार है। हालाँकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि दोनों में से किस व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि महिला 2021 से राष्ट्रीय राजधानी के तिमारपुर में अकेली रह रही थी, जहां उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। पुलिस ने कहा कि वह 2014 से 2017 तक DTC में टाइपिस्ट के रूप में कार्यरत थी और मां बनने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी एक दिन शिकायतकर्ता के आवास पर कोई ‘प्रसाद’ लाया और उससे कहा कि वह उसे डीटीसी में नौकरी दिलाने में मदद कर सकता है। पुलिस ने कहा कि प्रसाद खाने के बाद पीड़िता बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी बस कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने कथित तौर पर इस कृत्य का वीडियो भी बनाया, जिसके जरिए उसने बाद में पीड़िता को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि महिला ने घटना की जानकारी आरोपी के एक दोस्त को दी और बताया कि घिनौनी हरकत का वीडियो डिलीट करने के बहाने आरोपी के दोस्त ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने कहा कि इस मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।।