चंद्रयान-3 के लैंडर से बाहर आया प्रज्ञान रोवर, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने दी बधाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (24 अगस्त 2023): चंद्रयान-3 की सफलता के बाद अब चंद्रयान का सीएच-3 रोवर प्रज्ञान लैंडर से बाहर निकल गया है और इसने चांद का चक्कर भी लगाया है। इस बात की जानकारी इसरो ने गुरुवार को ट्वीट करके दिया है। इसरो ने कहा कि भारत के चंद्रयान-3 का प्रज्ञान रोवर अज्ञात चंद्र सतह की खोज शुरू करने के लिए गुरुवार सुबह अंतरिक्ष यान से बाहर निकल गया है।

इसरो ने ट्वीट किया, “CH-3 रोवर लैंडर से नीचे उतरा और भारत ने चंद्रमा पर सैर की। अधिक अपडेट जल्द ही।”

आईएनएसपीएसीई के चेयरमैन पवन के गोयनका ने रोवर के लैंडर से बाहर आने की तस्वीर ट्वीट की है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “रैंप पर लैंडर से बाहर आते रोवर की पहली तस्वीर।”

लैंडर से रोवर के बाहर निकलने के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्स (ट्विटर) पर ट्वीट कर इसरो को बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, “मैं एक बार फिर विक्रम-लैंडर के अंदर से प्रज्ञान-रोवर की सफल लैंडिंग के लिए इसरो टीम और सभी साथी नागरिकों को बधाई देती हूं। मैं अपने साथी नागरिकों और वैज्ञानिकों के साथ उत्साह के साथ उस जानकारी और विश्लेषण की प्रतीक्षा कर रही हूं जो प्रज्ञान हासिल करेगा और चंद्रमा के बारे में हमारी समझ को समृद्ध करेगा।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस वक्त साउथ अफ्रीका की यात्रा पर हैं। इसरो की इस कामयाबी को लेकर उन्होंने साउथ अफ्रीका से ही भारत के लोगों को बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया है। उन्होंने कहा कि “पल भारत का है, इसके लोगों का है। कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं।”

आपको बता दें कि भारत का चंद्र मिशन चंद्रयान-3 बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग किया है। इसी के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला भारत पहला देश बन गया है। जबकि अमेरिका, चीन और सोवियत यूनियन के बाद भारत चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है।।