चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग, अमित शाह, राहुल गांधी समेत देशभर के नेताओं ने दी बधाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अगस्त 2023): भारत ने इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ कर ली है। इसी के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला भारत पहला देश बन गया है। जबकि अमेरिका, चीन और सोवियत यूनियन के बाद भारत चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है। चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत देशभर के अन्य नेताओं ने बधाई दी है।

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसरो को उसके तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग के लिए बधाई दी। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “हमारे पास लागत प्रभावी तरीकों से सफलता हासिल करने की क्षमता है।”

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर कहा कि “चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव को छूने वाला पहला देश बन गया है। नई अंतरिक्ष यात्रा भारत की खगोलीय महत्वाकांक्षाओं को नई ऊंचाइयों पर ले जाती है, जिससे यह अंतरिक्ष परियोजनाओं के लिए दुनिया के लॉन्चपैड के रूप में अलग हो जाता है। भारतीय कंपनियों के लिए अंतरिक्ष का प्रवेश द्वार खुलने से हमारे युवाओं के लिए रोजगार के ढेर सारे अवसर पैदा होंगे।”

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि “आज की अग्रणी उपलब्धि के लिए टीम इसरो को बधाई। चंद्रमा के अज्ञात दक्षिणी ध्रुव पर चंद्रयान-3 की सॉफ्ट लैंडिंग हमारे वैज्ञानिक समुदाय की दशकों की जबरदस्त प्रतिभा और कड़ी मेहनत का परिणाम है। 1962 के बाद से, भारत का अंतरिक्ष कार्यक्रम नई ऊंचाइयों को छू रहा है और युवा सपने देखने वालों की पीढ़ियों को प्रेरित कर रहा है।”

चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सफल लैंडिंग पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि “23 अगस्त 2023 का दिन भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। यह सभी देशवासियों के लिए गौरव का क्षण है।”

बीजेपी सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने कहा कि भारत ने छू लिया चांद। चंद्रयान-3 ने चन्द्रमा के दक्षिणी पोल पर सफल लैंडिंग कर विश्व का भारत पहला देश बन गया है। यह ऐतिहासिक व गौरवमयी सफलता हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत और चांद जितने ऊँचे हौसलों का प्रमाण है। इसरो की पूरी टीम को बधाई एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं।

दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी ने ट्वीट कर कहा कि “पूरे देश के लिए बहुत ही गर्व और ऐतिहासिक क्षण।चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की ISRO के सभी वैज्ञानिकों, कर्मचारियों और सभी देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

आपको बता दें 14 जुलाई को दोपहर 2:35 बजे श्रीहरिकोटा से उड़ान भरने वाले चंद्रयान-3 ने अपनी 40 दिनों की लंबी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।।