चंद्रयान-3 की चांद पर सफल लैंडिंग, केजरीवाल बोले- हम सबके लिए गर्व की बात

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अगस्त 2023): भारत ने इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ कर ली है। इसी के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला भारत पहला देश बन गया है। जबकि अमेरिका, चीन और सोवियत यूनियन के बाद भारत चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी देशवासियों, ISRO के वैज्ञानिकों, इंजीनियर और कर्मचारियों को बधाई दी है।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि “ये ऐतिहासिक है। देश के लिए बड़ी उपलब्धि है। हम सबके लिए गर्व की बात है। चंद्रयान-3 की सफलता के लिए सभी देशवासियों, ISRO के वैज्ञानिकों, इंजीनियर और कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई। भारत माता की जय।”

आपको बता दें 14 जुलाई को दोपहर 2:35 बजे श्रीहरिकोटा से उड़ान भरने वाले चंद्रयान-3 ने अपनी 40 दिनों की लंबी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।