चंद्रयान -3 की सफलता पर बोले पीएम मोदी – भारत अब चंद्रमा पर है

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अगस्त 2023): भारत ने इतिहास रच दिया है। चंद्रयान-3 का लैंडर विक्रम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल ‘सॉफ्ट-लैंडिंग’ कर ली है। इसी के साथ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने वाला भारत दुनिया का पहला देश बन गया है। जबकि अमेरिका, चीन और सोवियत यूनियन के बाद भारत चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन गया है।

इसरो के तीसरे चंद्र मिशन चंद्रयान-3 की चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग पर पीएम मोदी ने कहा कि जब हम ऐसे ऐतिहासिक क्षण देखते हैं तो हमें बहुत गर्व होता है। ये नए भारत का सूर्योदय है। उन्होंने आगे कहा कि हमने धरती पर संकल्प किया और चांद पर उसे साकार किया। भारत अब चंद्रमा पर है।

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कहा कि इससे पहले कोई भी देश वहां (चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव) तक नहीं पहुंचा है। हमारे वैज्ञानिकों की मेहनत से हम वहां तक पहुंचे हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत का सफल चंद्रमा मिशन अकेले भारत का नहीं है। यह सफलता पूरी मानवता की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कभी कहा जाता था चंदा मामा बहुत दूर के हैं, अब एक दिन वो भी आएगा जब बच्चे कहा करेंगे चंदा मामा बस एक टूर के हैं।

आपको बता दें 14 जुलाई को दोपहर 2:35 बजे श्रीहरिकोटा से उड़ान भरने वाले चंद्रयान-3 ने अपनी 40 दिनों की लंबी यात्रा सफलतापूर्वक पूरी कर ली है।।