चंद्रयान-3 मिशन पर अंतरिक्ष रणनीतिकार पी.के. घोष ने क्या कहा

Lander Vikram

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अगस्त 2023): रूस के मून मिशन लूना-25 के फेल होने के बाद अब सारी दुनिया की निगाहें भारत के चंद्रयान-3 पर टिकी हुई हैं। चंद्रयान 3 बुधवार शाम 6.04 बजे चंद्रमा की सतह पर साफ्ट लैंडिंग करेगा। इस पल का सभी को बेसब्री से इंतजार है। वहीं चंद्रयान-3 मिशन पर अंतरिक्ष रणनीतिकार पी.के. घोष की प्रतिक्रिया सामने आई है।

अंतरिक्ष रणनीतिकार पी.के. घोष ने कहा कि “मुझे लगता है कि यह भारत के लिए बहुत बड़ा दिन है। कारण यह है कि चंद्रयान 2 लैंडिंग नहीं कर सका था और अब हम पूरी दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि हमारे पास न केवल तकनीकी क्षमता है बल्कि हमारे पास दक्षिणी ध्रुव पर जाकर सॉफ्ट लैंडिंग करने की भी क्षमता है। दक्षिणी ध्रुव एक ऐसा क्षेत्र है जहाँ अब तक कोई लैंडिंग नहीं हुई है। पहले की सभी लैंडिंग भूमध्य रेखा के अंदर और उसके आसपास हुई हैं। दक्षिणी ध्रुव पर उतरना कठिन है और इसलिए इतने कम बजट में ऐसा करना भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह एक बड़ा दिन है।”

चंद्रयान-3 आज शाम लगभग 6:04 बजे IST पर सफलतापूर्वक चंद्रमा पर उतरने के लिए तैयार है। लैंडिंग ऑपरेशन का सीधा प्रसारण बुधवार शाम 5:20 बजे IST से शुरू होगा। लैंडिंग की लाइव गतिविधियां इसरो वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, फेसबुक और सार्वजनिक प्रसारक डीडी नेशनल टीवी पर बुधवार शाम 5:27 बजे IST से उपलब्ध होंगी।

अगर इसरो ऐसा करने में सफल रहा तो भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला पहला देश बन जाएगा। साथ ही अमेरिका, चीन और सोवियत यूनियन के बाद भारत चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया था। अंतरिक्ष यान को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था।