चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए कहीं हवन तो कहीं मांगी जा रही दुआएं

Lander Vikram

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 अगस्त 2023): रूस के मून मिशन लूना-25 के फेल होने के बाद अब सारी दुनिया की निगाहें भारत के चंद्रयान-3 पर टिकी हुई हैं।चंद्रयान 3 बुधवार शाम 6.04 बजे चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए पूरे देशभर में पूजा-अर्चना की जा रही और इस मिशन की सफलता की दुआएं मांगी जा रही है।

दिल्ली में जन कल्याण समिति, गणेश नगर II द्वारा चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए हवन किया गया।

महाराष्ट्र में चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए पुणे के श्री सिद्धिविनायक मंदिर में शिव सेना के कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना की।

तमिलनाडु में रामेश्वरम अग्नि तीर्थम पुजारी कल्याण संघ के पुजारी चंद्रयान -3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए अग्नि तीर्थम समुद्र तट पर प्रार्थना की।

उत्तराखंड में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए माता वैष्णो देवी गुफा योग मंदिर टपकेश्वर महादेव देहरादून द्वारा आज हरिद्वार में विशेष गंगा पूजन किया गया।

महाराष्ट्र में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए NCP कार्यकर्ताओं ने गणेश मंदिर टेकड़ी में हवन किया।

गुजरात में चंद्रयान-3 की सफल चंद्र लैंडिंग के लिए सूरत के कडोदरा में हनुमान मंदिर में हवन किया गया।

चंद्रयान-3 आज शाम लगभग 6:04 बजे IST पर सफलतापूर्वक चंद्रमा पर उतरने के लिए तैयार है। लैंडिंग ऑपरेशन का सीधा प्रसारण बुधवार शाम 5:20 बजे IST से शुरू होगा। लैंडिंग की लाइव गतिविधियां इसरो वेबसाइट, इसके यूट्यूब चैनल, फेसबुक और सार्वजनिक प्रसारक डीडी नेशनल टीवी पर बुधवार शाम 5:27 बजे IST से उपलब्ध होंगी।

अगर इसरो ऐसा करने में सफल रहा तो भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला पहला देश बन जाएगा। साथ ही अमेरिका, चीन और सोवियत यूनियन के बाद भारत चांद की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग करने वाला चौथा देश बन जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने 14 जुलाई को चंद्रयान-3 मिशन लॉन्च किया था। अंतरिक्ष यान को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा में सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से लॉन्च किया गया था।