नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी अफसर की पत्नी को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेजा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 अगस्त 2023): दिल्ली सरकार के एक अधिकारी पर अपने मृत दोस्त की नाबालिग बेटी के साथ कई महीनों तक कथित तौर पर बलात्कार करने और उसे प्रेग्नेंट करने के आरोप में सोमवार को हिरासत में ले लिया था। साथ ही उसकी पत्नी को भी उसका साथ देने के आरोप में हिरासत में लिया था। पुलिस ने दोनों से लंबी पूछताथ की थी। इसके बाद आज यानी मंगलवार को अधिकारी की पत्नी को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी अधिकारी की पहचान 51 वर्षीय प्रेमोदय खाखा के रूप में हुई है जो दिल्ली के महिला एवं बाल विकास विभाग का डिप्टी डायरेक्टर था। आरोपी अधिकारी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के आदेश पर सोमवार को निलंबित कर दिया गया है। वहीं आरोपी अधिकारी की पत्नी की पहचान 50 वर्षीय सीमा रानी के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय लड़की के पिता की मौत अक्टूबर 2020 में हो गई थी। बाद में लड़की को उसके मृत पिता के पारिवारिक मित्र के आवास पर भेज दिया गया, जो अब मामले में आरोपी (दिल्ली सरकार का अधिकारी) है। उसने बताया कि नवंबर-दिसंबर 2020 और जनवरी 2021 में उसके स्थानीय अभिभावक (दिल्ली सरकार के अधिकारी) ने उसके साथ बलात्कार किया। जब उसने यह बात आरोपी की पत्नी को बताई तो महिला ने उसे धमकाया और उसका गर्भपात भी करा दिया। लड़की तनाव और दबाव में रही। घटना के बाद उसे पैनिक अटैक का भी सामना करना पड़ा। उसके इलाज के दौरान ये बात सामने आई।।