सीएम केजरीवाल का बड़ा ऐलान, MCD के सभी कर्मचारी होंगे परमानेंट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (21/08/2023): दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि एमसीडी कर्मचारियों को जल्द पक्का किया जाएगा, लेकिन थोड़ा वक्त लगेगा। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, मेयर शैली ओबेरॉय समेत आम आदमी पार्टी के तमाम नेताओं ने आज एमसीडी में कार्यरत सफाई कर्मचारियों से मुलाकात की है।

मुलाकात के बाद अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज मुझे यकीन हो गया है कि MCD को लेकर जितनी गारंटी दी थी, वो सभी पूरी होगी। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज एमसीडी में काम हो रहा है तमाम जो हमारे कर्मचारी हैं उनको आने वाले दिनों में पक्का किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि 370 कर्मचारियों को बहुत-बहुत बधाई जिनका नियमतिकरण हो रहा है। बाकियों का भी करेंगे, बस थोड़ा समय लगेगा। दो महीने से कर्मचारियों को 1 तारीख़ को तनख्वाह मिल रही है। इससे पहले ऐसा सिर्फ 2010 में हुआ था। मैं जो गारंटी देता हूँ, फिर उसे पूरी करके रहता हूँ। सीएम केजरीवाल ने कहा कि नगर निगम का हाउस टैक्स खूब बढ़ गया है। क्योंकि चोरी कम हो गई। लोगों को लगने लगा कि ईमानदार सरकार है, टैक्स देना चाहते हैं। पहले दिल्ली सरकार घाटे में थी, हम मुनाफे में लाए। मैं विश्वास दिलाना चाहता हूं, यही कर्मचारी, यही अधिकारी नगर निगम को अपने पैरों पर खड़ा करके दिखाएंगे जब ईमानदार सरकार आती है तो माहौल बदल जाता है। अब 2 महीने से समय पर तनख्वाह मिल रही है, पहले कर्मचारियों का 70% समय धरना प्रदर्शन करने में चला जाता था।

केजरीवाल ने नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब दिल्ली को साफ़ करने में सभी सफ़ाई कर्मचारी लगे हुए हैं। धीरे-धीरे हम पूरी दिल्ली की जनता के सहयोग से साफ करेंगे। मुझे उम्मीद तो थी कि नगर निगम का रेवेन्यू बढ़ेगा, 1 तारीख को सब कर्मचारियों को सैलरी मिलेगी पर ये इतना जल्दी होगा, ये नहीं सोचा था। भगवान हमारे साथ हैं। दिल्ली नगर निगम देश का ही नहीं दुनिया का सबसे बेहतरीन नगर निगम बनेगा।।