दिल्ली: बीजेपी विधायकों को सदन से बाहर निकालने पर भाजपा नेताओं ने बोला हमला

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 अगस्त 2023): दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन था। वहीं आज सदन में मणिपुर मुद्दे पर चर्चा की गई। इस दौरान बीजेपी विधायकों ने जोरदार हंगामा और नारेबाजी की, जिसके बाद दिल्ली विधानसभा से चार भारतीय जनता पार्टी के विधायकों को मार्शल ने बाहर कर दिया। इसे लेकर अब भारतीय जनता पार्टी के नेता आम आदमी पार्टी की अरविंद केजरीवाल की सरकार पर हमला कर रही हैं।

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा विधायक रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि “दिल्ली विधानसभा में सिर्फ दिल्ली से जुड़े मुद्दों पर ही चर्चा हो सकती है। संसद में मणिपुर पर चर्चा हो चुकी है। वे चर्चा से भाग रहे हैं। जब हम दिल्ली के मुद्दे उठाते हैं तो वे (आप) हमें बाहर निकाल देते हैं।”

तो वहीं भाजपा विधायक अभय वर्मा ने कहा कि “यह विधानसभा दिल्ली के विषयों की चर्चा के लिए है लेकिन अरविंद केजरीवाल मणिपुर का विषय लेकर आ रहे हैं। दिल्ली की जनता पानी, सीवर लाइन के जाम से त्रस्त है, यमुना नदी गंदी से। दिल्ली से जुड़े कई मुद्दे हैं जिस पर वे (दिल्ली सरकार) चर्चा नहीं कराना चाहती। नीयम 55 के तहत मैं ‘शीश महल’ पर चर्चा कराना चाहता था लेकिन इस पर चर्चा कराना उचित नहीं समझा गया।”

भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “केजरीवाल जी हिटलरशाही कर रहे हैं, अरविंद केजरीवाल की सरकार विपक्ष को दबा रही है। इसलिए हमने विधानसभा से वॉकआउट किया है। हम ‘शीश महल’ और दिल्ली के मुद्दों पर चर्चा की मांग कर रहे हैं।”

आपको बता दें कि दिल्ली विधानसभा सत्र को एक दिन के लिए बढ़ा दिया गया है। वहीं अब विधानसभा सत्र शुक्रवार 18 अगस्त तक चलेगा।