दिल्ली: इंद्रपुरी में 11 साल के बच्चे की हत्या मामले में आरोपी महिला गिरफ्तार

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (16 अगस्त 2023): दिल्ली पुलिस ने इंद्रपुरी में 11 साल के बच्चे की हत्या के आरोप में पूजा नाम की एक महिला को गिरफ्तार किया है। मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी पूजा ने इस घटना को 10 अगस्त को अंजाम दिया है। वह बच्चे के पिता के साथ लिव इन रिलेशनशिप में थी। उसे लगा कि वह उसे छोड़ दिया है क्योंकि वह बच्चे से बहुत प्यार करता था। इस वजह से उसने इस घटना को अंजाम दी है। आरोपी पूजा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मृतक बच्चे की पहचान दिव्यांश के रूप में हुई है।

इस मामले में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच के स्पेशल सीपी रविंदर यादव का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि “कुछ दिन पहले इंद्रपुरी में एक 11 साल के बच्चे का शव बेड बॉक्स में मिला था। हमने उसके पिता जितेंद्र की महिला मित्र पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज में नीले रंग की पोशाक में एक महिला दिखाई दे रही है। उसकी पहचान पूजा के रूप में की गई। आखिरकार उसे बक्करवाला में ढूंढ लिया गया और गिरफ्तार कर लिया गया।”

उन्होंने आगे कहा कि “वह कहती है कि उसे लगा कि जितेंद्र ने उसे छोड़ दिया है क्योंकि वह बच्चे से बहुत प्यार करता था। उसे लगा कि जब तक वह बच्चे को नहीं छोड़ेगा, वह उसके साथ नहीं रहेगा। उसे लगा कि बच्चे को हटाना ज़रूरी है। इसलिए, उसने उसे मार डाला।”