स्वतंत्रता दिवस पर केजरीवाल बोले- दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में सरकारी अस्पतालों, क्लीनिकों का बुरा हाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 अगस्त 2023): देश आज अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में तिरंगा फहराया और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उत्कर्ष कार्य करने वाले कई पुलिस अधिकारियों को सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने संबोधन में कहा कि “स्वाधीनता दिवस पर सभी दिल्ली वासियों को, देश वासियों को बधाई! मैं दिल से सलाम करता हूं, उन स्वतंत्रता सेनानियों को जिन्होंने कुर्बानियां देकर देश को आजादी दिलाई। उन जवानों को, जिन्होंने आज़ाद भारत की रक्षा में कुर्बानियां दीं, जान की बाज़ी लगा दी। उन लोगों को जिन्होंने अलग अलग क्षेत्रों में भारत का नाम रोशन किया। कुछ समय पहले, दिल्ली में भीषण बाढ़ आई थी, लेकिन दिल्ली वालों ने दिल्ली सरकार के साथ मिलकर केंद्र सरकार की मदद से इस आपदा का सामना किया।”

केजरीवाल ने मणिपुर हिंसा का जिक्र करते हुए कहा कि “आज मन व्यथित है। आज देश के कुछ हिस्सों में एक भाई-दूसरे भाई से लड़ रहा है। आज मणिपुर जल रहा है। वहां दो समुदाय एक दूसरे की दुकानें जला रहे हैं, हत्याएं कर रहे हैं। एक दूसरे की महिलाओं के साथ बलात्कार कर रहे हैं। हरियाणा में भी दो समुदाय आपस मे लड़ रहे हैं। ये विज्ञान का युग है, हम आपस मे लड़ते रहे तो भारत विश्वगुरु कैसे बनेगा? कैसे तरक़्क़ी करेगा? अगर भारत को दुनिया का नंबर 1 राष्ट्र बनाना है तो 140 करोड़ लोगों को एक टीम की तरह रहना पड़ेगा।”

उन्होंने कहा कि “ऐसा कौन सा विकसित देश है जहां 8–8 घंटे के पावर कट लगते हैं? जब तक भारत के घर-घर में 24 घंटे बिजली नहीं होगी, भारत विकसित देश नहीं बन सकता। इंडस्ट्री कैसे तरक्की करेगी? किसान कैसे बुआई करेगा? भारत में 4.25 लाख मेगावाट बिजली उत्पादन की क्षमता है और पीक डिमांड कितनी है। केवल 2 लाख मेगावाट। फिर भी पावर कट क्यों? क्योंकि मिसमैनेजमेंट है, भ्रष्टाचार है। दिल्ली में भी था, पावर कट होते थे, सब खत्म किए।”

केजरीवाल ने फ्री बिजली पर पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि “पंजाब में भी पहले 6-7 घंटे के पावर कट लगते थे लेकिन 1 साल में 24 घंटे बिजली मिलने लगी है। देश को भी 24 घंटे बिजली मिल सकती है, बस भ्रष्टाचार ख़त्म करना होगा। देश के अंदर 4.25 लाख मेगावॉट बिजली बनाने की क्षमता है। अगर हम इतनी बिजली बना लेते हैं तो पूरे देश में 24 घंटे बिजली दे सकते हैं, सस्ती बिजली दे सकते हैं। यहां तक की दूसरे देशों को भी बिजली बेच सकते हैं। जब मैंने दिल्ली में 24 घंटे बिजली और 200 यूनिट मुफ्त बिजली देना शुरू किया तो कुछ लोगों ने मेरा मज़ाक उड़ाया कि ये तो “फ्री की रेवड़ी देता है।”

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि “क्या सभी बच्चों को अच्छी शिक्षा दिए बिना देश विश्व गुरु बन सकता है? देश के 25 करोड़ बच्चे स्कूल जाते हैं। जिसमें से 17 करोड़ सरकारी स्कूल जाते हैं। केंद्र ने 5000 करोड़ ख़र्च कर 14,500 स्कूल ठीक करने का कार्यक्रम शुरू किया है। ऐसे तो सभी स्कूलों को ठीक करने में 100-150 साल लग जाएंगे। देश के 10,25,000 स्कूलों को ठीक करने के लिए 6 लाख करोड़ का ख़र्च आएगा। 5 साल में ठीक करेंगे तो 1.25 लाख करोड़ ख़र्च करने पड़ेंगे जो देश के लिए ज्यादा नहीं है। बच्चों को अच्छी शिक्षा, यूनिफार्म, टीचर ट्रेनिंग इत्यादि के लिए एक साल में 7.50 लाख करोड़ चाहिए। सभी राज्य सरकारें और केंद्र सरकार मिलाकर ही इतना ख़र्च करती हैं तो कोई भी अतिरिक्त पैसे की ज़रूरत नहीं है।”

उन्होंने कहा कि “दिल्ली को छोड़ कर आज देश के सभी हिस्सों में सरकारी अस्पतालों-क्लिनिकों के बुरे हाल हैं। देश के कोने-कोने में 1 लाख मोहल्ला क्लीनिक खोलने के लिए 10,000 करोड़ चाहिए। हर जिले में 500 बेड का मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल बनाने के लिए 1.25 लाख करोड़ चाहिए। मुफ़्त इलाज-दवाइयां, टेस्ट के लिए 2.50 लाख करोड़ चाहिए। केंद्र और सभी राज्य सरकारें मिलकर स्वास्थ्य पर 4 लाख करोड़ ही ख़र्च करती हैं। जब तक देश के हर व्यक्ति को मुफ़्त-अच्छा इलाज नहीं मिलेगा तब तक भारत विश्व गुरु नहीं बन सकता।”