कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में किया ध्वजारोहण

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 अगस्त 2023): देश आज अपना 77वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराया। इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बिना निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि “राष्ट्र निर्माण एक सतत प्रक्रिया है। हमारे आज़ादी के महान नायकों ने इस सपने को साकार किया है। आज कल कुछ लोग जताते हैं कि भारत कि प्रगति कुछ वर्षों में हुई ही नहीं है लेकिन वे गलत सोचते हैं। जब यहां सुई भी नहीं बनती थी तब पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू जी ने इस्पात संयंत्र स्थापित किए, सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयां बनाईं, देश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा किए। उन्होंने IIT, IIM, AIIMS, अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान इसरो की भी स्थापना की और देश में परमाणु अनुसंधान की नींव रखी।”

उन्होंने आगे कहा कि “मुझे यह कहते हुए पीड़ा हो रही है कि आज लोकतंत्र, संविधान और संस्थान पर बहुत बड़ा खतरा है। सदन में विपक्ष के सांसदों को निलंबित कर उनकी आवाज़ को कुचलने की कोशिश की जाती है और यह कहते हैं कि हम लोकतंत्र बनाते हैं। भारत में 140 करोड़ लोग समर्पित है लेकिन सदन में जब मैं अपनी बात करने के लिए उठता हूं तो माइक बंद कर दी जाती है।”