SP सांसद राम गोपाल यादव ने कहा – बीजेपी के ज्यादातर लोग दिल्ली सेवा बिल को गलत मानते हैं, वो कह नहीं सकते

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 अगस्त 2023): लोकसभा और राज्यसभा से पारित होने के बाद दिल्ली सेवा बिल को राष्ट्रपति ने शनिवार को मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद अब यह दिल्ली में कानून बन गया है। दिल्ली सेवा बिल के कानून बनने के बाद समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस बिल को लेकर आम आदमी पार्टी का साथ देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर जमकर हमला बोला है। साथ ही उन्होंने इस बिल को दिल्ली की जनता के आकांक्षाओं के विपरीत बताया है।

समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि “जनता ने एक बार नहीं बल्कि कई बार दिल्ली में आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत से जिताया है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस को लगभग शून्य पर पहुंचा दिया है। दिल्ली के नागरिकों के लिए यह विधेयक (दिल्ली सेवा विधेयक) उनकी आकांक्षाओं के विपरीत जाने जैसा है। जब जनता ने केजरीवाल चुना है तो उन्हें (केंद्र) शासन करने देना चाहिए। लोकतंत्र की यही खूबसूरती होता है कि जिसे जनता ने चुनकर भेजा है वो राज करें।”

उन्होंने आगे कहा कि “भारत में पीएम मोदी शासन कर रहे हैं और कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहा है क्योंकि यह भारतीय नागरिकों की आकांक्षा थी। उसी तरह दिल्ली की जनता ने केजरीवाल को दिल्ली में शासन करने के लिए मौका दिया है। वो भी इतना स्पष्ट, जितना स्वयं केंद्र सरकार को भी नहीं है। इसके बाद भी भाजपा प्रॉक्सी से अपना शासन चलाएं तो यह बात किसी के गले नहीं उतरती।”

समाजवादी पार्टी के सांसद राम गोपाल यादव ने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी के ज्यादातर लोग भी मानते हैं कि ये गलत है, लेकिन वो कह नहीं सकते।”