दिल्ली अध्यादेश पर राष्ट्रपति की मंजूरी, बांसुरी स्वराज बोली- नौकरशाही का सुचारू कामकाज होगा सुनिश्चित

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (12/08/2023): लोकसभा और राज्यसभा से पारित होने के बाद दिल्ली सेवा विधेयक को राष्ट्रपति ने मंजूरी दे दी है। राष्ट्रपति से मंजूरी मिलने के बाद अब यह दिल्ली में कानून बन गया है। भारत सरकार के नोटिफिकेशन में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली सरकार संशोधन अधिनियम 2023 को लागू करने की जानकारी दी गई है।

राष्ट्रपति से दिल्ली अध्यादेश को मंजूरी मिलने के बाद दिल्ली भाजपा सचिव बांसुरी स्वराज ने कहा कि आजादी के अमृत काल में राष्ट्रपति ने दिल्ली अध्यादेश को मंजूरी दी है इसके लिए मैं उनका धन्यवाद करती हूं। बांसुरी स्वराज ने कहा कि आजादी के अमृत काल में राष्ट्रपति जी ने इस बिल को मंजूरी देकर दिल्ली की जनता को एक शासन और कुशल प्रशासक देने का काम किया है।

बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली के लोगों को न्याय प्रदान करने के लिए यह दिल्ली सेवा विधेयक लाना आवश्यक था और मैं इस पर सहमति देने के लिए राष्ट्रपति को धन्यवाद करती हुं। बांसुरी स्वराज ने कहा कि दिल्ली में एक ऐसी सरकार है जो न केवल केंद्र सरकार बल्कि उपराज्यपाल और दिल्ली की नौकरशाही के साथ भी लगातार टकराव की राजनीति कर रही है। केजरीवाल सरकार लगातार जिम्मेदारी से बच रही है और मीडिया के सामने पीड़ित कार्ड खेल रही है। बांसुरी स्वराज ने कहा है कि भ्रष्टाचार में लिप्त रहते हुए अपने अतिरिक्त अधिकारों और ताकत के लिए लगातार लड़ने वाली सरकार को देखकर दिल्ली के लोग निराश हो गए हैं। यह विधेयक भारत के सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का सम्मान करते हुए दिल्ली में नौकरशाही के सुचारू कामकाज को सुनिश्चित करेगा और विकास की उम्मीद कर रहे दिल्ली के लोगों को न्याय देगा।।