दिल्ली में चलाया जा रहा मेगा सफाई अभियान, सीएम समेत सभी मंत्रियों ने किए दावे

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 अगस्त 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दिल्ली नगर निगम द्वारा मेगा सफाई अभियान चलाया जा रहा हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए आम आदमी पार्टी के सारे पार्षद और सारे वॉलंटियर अब दिल्ली नगर निगम के कर्मचारियों के साथ मिलकर दिल्ली को साफ करने में लगे हुए हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने इससे संबंधित तस्वीरें आज यानी शनिवार को ट्विटर पर शेयर करते हुए ट्वीट किया है। तो वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आप विधायक दुर्गेश पाठक के ट्वीट को रिट्वीट करते हुए सभी को शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि ये अभियान ज़रूर सफल होगा और हमारी दिल्ली साफ़ सुथरी बनेगी।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में कहा है, “दिल्ली नगर निगम द्वारा मेगा सफ़ाई अभियान – अब दिल्ली होगी साफ़ – शुरू करने पर बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएँ। मुझे पूरी उम्मीद है कि ये अभियान ज़रूर सफल होगा और हमारी दिल्ली साफ़ सुथरी बनेगी।”

आम आदमी पार्टी के विधायक दुर्गेश पाठक ने ट्वीट में लिखा है, “अब दिल्ली होगी साफ़। 15 साल तक BJP ने दिल्ली को कूड़े का ढ़ेर बना दिया था। माननीय मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी के आह्वान पर सारे पार्षद और सारे वॉलंटियर अब MCD के कर्मचारियों के साथ मिलकर दिल्ली को साफ़ करने में लग गए हैं। इसी क्रम में नन्द नगरी से आम आदमी पार्टी के पार्षद रमेश बिसैया जी ने आपने वार्ड में युद्ध स्तर पर सफ़ाई अभियान शुरू कराया। जल्द ही हम दिल्ली को और भी साफ़ सुथरा बनाएंगे और दिल्ली का हर कोना-कोना साफ़ करेंगे।”