राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त, DCP सागर सिंह कालसी ने दी अहम जानकारी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (11 अगस्त 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले कड़ी सुरक्षा की गई है। इसी कड़ी में लाल किले पर भी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। इस पर उत्तर दिल्ली के DCP सागर सिंह कालसी ने कहा कि “पीएम मोदी यहां (लाल किला) राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। ये हमारे लिए बहुत गर्व की बात है। इसी के साथ हमारी एक जिम्मेदारी हो जाती है कि यहां पर सुरक्षा व्यवस्था बिल्कुल सख्त हो और बंदोबस्त एकदम पुख्ता हो।”

उन्होंने बताया कि “हमारे यहां बंदोबस्त दो तरीके से होते हैं। एक जो कि मौके पर हम किस तरह से पेट्रोलिंग, सीसीटीवी का जाल, टेक्नोलॉजी का रूफटॉप, मचान, मोर्चा, हर तरीके का स्ट्रीट एसएस कंट्रोल और उसके बाद एंटी सपोर्टर चेक और इस तरीके से एक बंदोबस्त करते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “दूसरा पिछले दो-तीन महीने से हमारे एक्टिविटीज चलते है। जनता को साथ लेकर, RWA, MWA सबके साथ जागरूकता के जो हमारे अभियान चलते हैं कि किसी भी तरीके के संदिग्ध व्यक्ति या समान हो तो पुलिस को सूचित करें। यहां पर हर जगह और हर तरीके से चेकिंग की जाती है। पिछले तो दो-तीन महीने से जो चेकिंग होती है उसके चलते हमारा ये अरेंजमेंट पुख्ता कह सकते है।”