दिल्ली सरकार श्रमिकों के लिए लगाएगी रजिस्ट्रेशन और माइग्रेशन कैंप, जानें क्या होगा लाभ

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (05 अगस्त 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सरकार ने श्रमिकों के लिए बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली के श्रम मंत्री राज कुमार आनंद ने दिल्ली भवन और अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड (DBOCWWB) के सभी जिला कार्यालयों में रजिस्ट्रेशन और माइग्रेशन कैंप के आयोजन का ऐलान किया है। ये कैंप 7 अगस्त से शुरू होगा जो अगले 3 महीने तक चलेगा।

श्रम मंत्री राज कुमार आनंद ने कहा कि जरूरत पड़ने पर निर्माण श्रमिकों की मांग और आवश्यकताओं के अनुसार कैंप को और आगे भी बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाना है। यह भी सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के सभी निर्माण श्रमिक नए पोर्टल के माध्यम से विभिन्न कल्याणकारी कार्यक्रमों और लाभों तक पहुंच सके। यह श्रमिकों के लिए आधुनिक तकनीक को अपनाने और कल्याणकारी सेवाओं तक कुशलतापूर्वक पहुंचने का एक अनूठा अवसर है।

श्रम मंत्री राज कुमार आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री केजरीवाल के नेतृत्व में हम यह सुनिश्चित करेंगे कि राजधानी के सभी निर्माण श्रमिकों को सभी सामाजिक सुरक्षा, सामाजिक कल्याण और सम्मान का जीवन प्रदान किया जाए। केजरीवाल सरकार दिल्ली के विकास में सबसे अहम योगदान देने वाले निर्माण श्रमिकों के कल्याण को लेकर प्रतिबद्ध है। साथ ही कहा कि हम श्रमिकों की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं।।