बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तुलना दुर्योधन से की, आप ने कसा तंज

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (03 अगस्त 2023): लोकसभा में दक्षिणी दिल्ली से बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने गुरुवार को भ्रष्टाचार को लेकर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा है। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तुलना दुर्योधन से करते हुए कहा कि फर्क इतना है वो दुर्योधन लंबा चौड़ा था और ये दुर्योधन बौना है। तो वहीं आम आदमी पार्टी ने बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी एक क्लिक को ट्विटर पर शेयर करते हुए हमला बोला है।

आम आदमी पार्टी ने ट्वीट में कहा कि “हमने पहले ही कहा था ये मोदी जी द्वारा लाया गया एक और “केजरीवाल फोबिया बिल” है। देखिए दिल्ली के बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी की एक चुने हुए मुख्यमंत्री के खिलाफ संसद में सड़क छाप भाषा। दिल्ली अध्यादेश बिल से दिल्ली वालों का क्या फायदा होगा इस पर तो BJP चर्चा ही नहीं कर रही। दिल्ली वालों के अधिकार छीनने वाले इस बिल पर एक शब्द नहीं बोल रहे, सिर्फ केजरीवाल को गंदी-गंदी गालियां दे रहे हैं।”

बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने मुख्यमंत्री केजरीवाल की तुलना दुर्योधन से करते हुए कहा कि “पद्धति, छलिया, अहंकारी, भ्रष्ट और कायर जनप्रतिनिधि सत्ता में बैठ जाते हैं। लेकिन दिल्ली राज्य में भी उसी चरित्र का एक, उसी नाकारात्मक मानसिकता का एक व्यक्ति इस दिल्ली के अंदर दुर्योधन के रूप में यहां पर बैठा हुआ है। फर्क इतना है कि वो दुर्योधन लंबा चौड़ा था और ये दुर्योधन बौना है।”

उन्होंने आगे कहा कि “अरे दिल्लीवासी ने तुझे मुख्यमंत्री बनाया है। अरे तेरी दुश्मनी बीजेपी से हो सकती है लेकिन दिल्ली के ढाई करोड़ जनता से तेरी क्या दुश्मनी है। पता नहीं पंजाब से अफीम खाकर सोते हैं क्या? तीन साल से 80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाना मोदी जी के माध्यम से दिया जा रहा है। 5 करोड़ लोग भूखे सोते हैं, 25 करोड़ लोगों के पास मकान नहीं है।”