दिल्ली सेवा बिल पर मचा घमासान: राघव चड्ढा बोले- ‘इतिहास राष्ट्रविरोधियों के नाम से रखेगा याद

टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली ( 02 अगस्त 2023)

बीजू जनता दल (BJD) और YSRCP ने संसद में दिल्ली सेवा विधेयक का समर्थन करने का ऐलान किया है। इस पर आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने BJD और YSRCP पर निशाना साधते हुए कहा कि जो भी इस अध्यादेश का समर्थन करेंगे इतिहास उन्हें राष्ट्रविरोधियों के नाम से याद रखेगा।

आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि “उन्होंने अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक बिल का समर्थन देने का फैसला लिया है। अगर भाजपा इस अध्यादेश को दिल्ली में लागू करने में सफल रही तो वह इसे अन्य गैर भाजपा शासित राज्यों में भी लागू कर सकती है। यह एक राष्ट्रविरोधी अध्यादेश है और जो भी इसका समर्थन करेंगे इतिहास उन्हें राष्ट्रविरोधियों के नाम से याद रखेगा।”

आपको बता दें कि दिल्ली सेवा बिल को कल यानी मंगलवार को केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने लोकसभा में पेश कर दिया है। वहीं आज इस बिल पर संसद में चर्चा की जाएगी। इस दौरान हंगामा होने की संभावना जताई जा रही है।