राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह की राहें होंगी जुदा?, दिल्ली की अदालत ने दिया ये आदेश

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (26 जुलाई 2023): कुंडा के बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उपाख्य राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के तलाक मामले में दिल्ली की साकेत कोर्ट ने लिखित दलीलें जमा करने का समय दे दिया गया है। राजा भैया ने अपनी पत्नी से तलाक के लिए अदालत में याचिका दायर की है।

दिल्ली के साकेत कोर्ट में शुनाली गुप्ता की परिवार न्यायालय में यह मामला सुनवाई के लिए लगा था। भानवी सिंह के वकील ने लिखित जवाब दायर करने के लिए समय मांगा, जिसके बाद अदालत ने एक सप्ताह का समय मंजूर करते हुए आगामी 3 अगस्त को अगली सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।

28 साल पहले हुई शादी अब तलाक की अर्जी दायर

बता दें कि आज से 28 साल पहले राजा भैया और भानवी सिंह की शादी हुई थी। राजा भैया ने आरोप लगाया है कि उनकी पत्नी ने ससुराल का घर छोड़ दिया है और अब घर वापस आने से इनकार कर रही है। साल 2022 में राजा भैया ने अपनी पत्नी से तलाक के लिए अर्जी दायर की थी। राजा भैया ने आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि उनकी पत्नी ने उनके परिवार के लोगों के खिलाफ फर्जी आरोप लगाए हैं जो क्रूरता के समान है। रघुराज प्रताप सिंह की याचिका पर अदालत ने भानवी सिंह को नोटिस जारी किया है।

लंबे समय से जारी है विवाद

आपको बता दें कि कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उपाख्य राजा भैया और उनकी पत्नी भानवी सिंह के बीच काफी लंबे समय से कड़वाहट जारी है। दोनो कई सालों से अलग भी रह रहे हैं, लेकिन यह मामला चर्चा में तब आया था जब भानवी ने राजा भैया के खासमखास एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह पर खोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाया था और कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करा दिया।

साल 1995 में हुई थी शादी

रघुराज प्रताप सिंह की शादी साल 1995 में बस्ती राजघराने की राजकुमारी भानवी सिंह के साथ हुई थी। शादी के समय राजा भैया 25 वर्ष के और भानवी सिंह 20 वर्ष की थी। दोनों के चार बच्चे हैं, दो बड़ी बेटियां और दो बेटे। बीते कुछ सालों से दोनों के संबंधों में काफी खटास आ गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक कई सगे संबंधियों ने दोनों के बीच मध्यस्थता भी की लेकिन बात नहीं बनी। अब दोनों के बीच तलाक का मामला अदालत में है।।