अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी का जोरदार प्रदर्शन, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने किया बल प्रयोग

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (25 जुलाई 2023): दिल्ली बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा की अगुवाई में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया है। आम आदमी पार्टी दफ्तर का घेराव करने पहुंचे बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि वह दिन दूर नहीं जब अरविंद केजरीवाल जेल में होगें।

अरविंद केजरीवाल विज्ञापन पर करोड़ों रुपया खर्च करते हैं लेकिन रैपिड मेट्रो के लिए फंड देने से मना कर रहे थे। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को फटकार लगाई और कहा कि रैपिड मेट्रो के लिए चार सौ पंद्रह करोड़ की भुगतान जल्द से जल्द दिल्ली सरकार करे।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार के लापरवाही एवं भ्रष्टाचार के चलते 45 वर्ष बाद दिल्ली को बाढ़ की ओर धकेला। केजरीवाल सरकार की लापरवाही एवं भ्रष्टाचार के चलते किराड़ी जैसी अधिकृत कॉलोनियों में जलजमाव से जानमाल का नुकसान कर रहा है। केजरीवाल सरकार ने जानबूझकर विकास फंड हिस्सा ना देकर दिल्ली की मैट्रो रेल, रैपिड रेल, हाईवे, शहरी टनल रोड़ आदि विकास योजनाओं को बाधित किया।

वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल सरकार ने सत्ता पाते ही दिल्ली नगर निगम को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा दिया आज दिल्ली में हर ओर कूड़े के ढ़ेर ही ढ़ेर दिखते हैं। केजरीवाल सरकार की भ्रष्टाचार भरी शराब नीति के चलते जहाँ हजारों करोड़ का राजस्व नुकसान हुआ तो अब न्यायालय से मुख्य अभियुक्त मनीष सिसोदिया को जमानत ना मिलने से स्पष्ट है की केजरीवाल सरकार भ्रष्ट है। उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल सरकार ने कोविड काल में राहत कार्य की उपेक्षा करते हुऐ जिस तरह 45 करोड़ के प्रारंभिक एवं कुल लगभग 125 करोड़ की लागत से जो मुख्यमंत्री आवास बनाया है उससे लोगों का केजरीवाल सरकार पर से विश्वास उठ गया।

प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ता जब आम आदमी पार्टी दफ्तर की ओर बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ताओं ने एक बैरिकेड तोड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल करते हुए कार्यकर्ताओं को रोका। इसके बाद पुलिस ने दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और तमाम कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।।