दिल्ली के जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने वजीराबाद जल उपचार संयंत्र का किया दौरा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 जुलाई 2023): दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर आ गया है। इससे एक बार फिर दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने का खतरा मंडरा रहा है। इसी बीच दिल्ली के जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने आज यानी रविवार को वजीराबाद जल उपचार संयंत्र का दौरा किया।

जल मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि “दिल्ली जल बोर्ड ने कमजोर स्थानों पर तटबंध और सुदृढ़ीकरण किया है। पिछली बार पंपों में पानी घुस गया था और तीन जल उपचार संयंत्रों को बंद करना पड़ा था। लेकिन इस बार जलबोर्ड अधिकारी ने पहले से तैयारी शुरू कर दी है। अगर यमुना का जलस्तर 209 मीटर तक भी पहुंचेगा तब भी पानी पंपों में नहीं घुसेगा और तीनों जल उपचार संयंत्रों को बंद नहीं करना पड़ेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि “लोग अभी भी राहत शिविरों में रह रहे हैं और सरकार ने उनके लिए सभी व्यवस्थाएं की हैं। जहां-जहां बाढ़ का खतरा है वहां कल से मुनियादी करानी फिर से शुरू कर दी है। अगर लोग वहां पर फिर से चले गए हैं तो वो फिर से राहत शिविरों में वापस आना शुरू कर दें।”

आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर रविवार दोपहर 3 बजे 206.26 मीटर दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से थोड़ा ऊपर है। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के बीच हथिनिकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से रविवार को यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। अभी यमुना के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।