केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के एलजी वीके सक्सेना से जाना यमुना नदी के जलस्तर का हाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (23 जुलाई 2023): दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर आ गया है। इससे एक बार फिर दिल्ली में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने का खतरा मंडरा रहा है। इसी के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना से यमुना नदी के जलस्तर को लेकर चर्चा किया। इस बात की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट करके दी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट में लिखा है, “हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में उत्पन्न बाढ़ जैसी स्थिति के बारे में गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेन्द्र पटेल से बात की। दिल्ली के एलजी श्री वी.के.सक्सेना जी से भी यमुना नदी के जल स्तर को लेकर चर्चा हुई। जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पर्याप्त संख्या में एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीमें उपलब्ध हैं।”

आपको बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी का जलस्तर रविवार सुबह सात 205.81 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से थोड़ा ऊपर है। बताया जा रहा है कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भारी बरसात के बीच हथिनिकुंड बैराज से छोड़े गए पानी की वजह से रविवार को यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यमुना के जलस्तर में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।