अरविंद केजरीवाल ने किया बड़ा दावा, दिल्ली में अन्य कई राज्यों की तुलना में सबसे अधिक प्रति व्यक्ति ग्रीन कवर

Arvind Kejriwal

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 जुलाई 2023): दिल्ली में आज शनिवार को वन महोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना भी शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि देश के अन्य बड़े शहरों की तुलना में दिल्ली में सबसे ज्यादा प्रति व्यक्ति ग्रीन कवर है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि “दिल्ली में 9 जुलाई से 20 अगस्त तक ‘वन महोत्सव’ मनाया जा रहा है। आज दिल्ली में 23% हिस्सा ग्रीन कवर है। देखा जाता है कि जहां भी विकास होता है वहां ग्रीन कवर कम हो जाता है। लेकिन दिल्ली में रिस्पांसिबल विकास हो रहा है‌, चारों तरफ पेड़ पौधे देखे जा सकते हैं।”

उन्होंने आगे कहा कि “दिल्ली में 10% हिस्सा ग्रीन कवर में आता था। आज 23% हिस्सा ग्रीन कवर में आता है। पूरे देश के जितने भी बड़े शहर है कोलकाता, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, बैंग्लौंर, सारे बड़े शहरों में सबसे ज्यादा ग्रीन कवर दिल्ली के अंदर माना जाता है। प्रति व्यक्ति ग्रीन कवर भी सबसे ज्यादा दिल्ली में है। यहां तक कि लंदन और न्यूयार्क से भी ज्यादा है। अब इसको 25-27% पर लेकर जाना है। इसको कम नहीं होने देना। अब 5.5 लाख पेड़ और लगाए जाएंगे।पूरी दिल्ली ने संकल्प लिया है कि इस साल 1 करोड़ पेड़ लगाए जाएंगे। अभी तक 3 महीने में 27.50 लाख पेड़ लगा चुके हैं। आज एक साथ 5.50 लाख पेड़ लगाए जाएंगे।”

आखिर में उन्होंने कहा कि “आप बच्चे अपने स्कूल इको क्लब के ज़रिए खूब पेड़ लगाएं, उनका ध्यान रखें। दिल्ली में एयर पोलूशन 30% कम हुआ है। लोगों और सरकार की मेहनत रंग ला रही है। पहले 106 दिन थे जब हवा साफ़ रहती थी, अब 163 हैं। इसको 365 करना है। दिल्ली को साफ़ सुथरा शहर बनाना है।”