दिल्ली में बाढ़ का खतरा: खतरे के निशान से ऊपर बह रही यमुना, कई इलाकों में बाढ़ की आशंका

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (22 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर कल रात एक बार फिर खतरे के निशान को पार कर गया। ऐसे में अपने घरों को लौट रहे लोग एक बार फिर से शिविरों में जाने को मजबूर हो गए। वहीं कई बाढ़ प्रभावित लोग सिग्नेचर ब्रिज के पास राहत शिविर में शरण ले रहे हैं।

सिग्नेचर ब्रिज के पास राहत शिविर में रहने वाले लक्ष्मण दास ने दिल्ली सरकार से अपील करते हुए मांग किया है कि उन्हें रहने के लिए जगह दी जाए। उन्होंने न्यूज़ एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा कि “हम सिग्नेचर ब्रिज के पास एक कैंप में रहते हैं। हम दिल्ली सरकार से अनुरोध करते हैं कि हमें रहने के लिए जगह दी जाए। जब भी क्षेत्र में बाढ़ आती है तो हमें स्थानांतरित होना पड़ता है।”

बता दें कि केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के मुताबिक, शुक्रवार शाम छह बजे के करीब यमुना का जलस्तर 205.34 मीटर पहुंच गया था जो रात होते-होते और बढ़ गया। वहीं आज सुबह 5 बजे यमुना का जलस्तर 205.44 मीटर पहुंच गया है।