मणिपुर में महिला के साथ अभद्रता एवं यौन उत्पीड़न करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (20 जुलाई 2023): मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र घुमाने और उनका यौन उत्पीड़न करने के मामले में मुख्य आरोपी को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। मुख्य आरोपी की पहचान 32 वर्षीय हुइरेम हेरोदास मेइतेई के रूप में हुई है। इस बात की जानकारी न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने सरकारी सूत्रों के हवाले से गुरुवार को दी है।

सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, “मुख्य अपराधी, जिसने हरे रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी और महिला को पकड़ रखा था, उचित पहचान के बाद आज सुबह एक ऑपरेशन में गिरफ्तार कर लिया गया। उसका नाम पेची अवांग लीकाई के हुइरेम हेरोदास मेइतेई (32 वर्ष) है।”

आपको बता दें कि वायरल वीडियो 4 मई की है, जो बुधवार को वायरल हुआ है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मणिपुर में पुरुषों की एक भीड़ दो महिलाओं को निर्वस्त्र करके सड़क पर दौड़ाते नजर आ रहे हैं।