कर्नाटक में गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत, महिलाओं को मिलेगी 2 हजार रुपए प्रति माह

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (19 जुलाई 2023): 2024 चुनाव की कवायद शुरू हो चुकी है और इसी कड़ी में अब तमाम पार्टियों की तरफ से जनता के बीच लोक लुभावन वादे भी शुरू हो चुके हैं। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव जीत के बाद कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में गृह लक्ष्मी योजना की गारंटी दी थी। गृह लक्ष्मी योजना के अंतर्गत कर्नाटक के हर परिवार की महिला मुखिया को प्रतिमाह ₹2000 सरकार देगी।

आज से गृह लक्ष्मी योजना की शुरुआत हो रही है उसकी जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी के नेता और कर्नाटक कांग्रेस प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि आज हम दुनिया की सबसे बड़ी डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम “गृह लक्ष्मी” की शुरुआत कर रहे हैं। कर्नाटक की कांग्रेस सरकार 1करोड़ 35 लाख घरों की महिला मुखिया के खाते में हर महीने 2000 रूपए डालेगी।

रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि बीजेपी और मोदी निर्मित महंगाई पर कर्नाटक की महिलाओं और कांग्रेस का ये सबसे बड़ा वार है। कर्नाटक चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने महंगाई से लड़ने का आह्वान किया था। कर्नाटक में महिलाओं ने हमें बताया कि इस महंगाई में घर चलाना मुश्किल है। रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि ऐसे में ‘गृह लक्ष्मी’ स्कीम के तहत अब घर की महिला मुखिया के खाते में हर महीने 2000 रुपए ट्रांसफर होंगे। गृह लक्ष्मी’ का पैसा रजिस्टर्ड महिलाओं के खाते में अगले महीने 15 से 20 अगस्त के बीच पहुंचना शुरू हो जाएगा, साथ ही रजिस्ट्रेशन पूरे साल चलेगा।

इस साल गृह लक्ष्मी का बजट 18,000 करोड़ रुपए है, जिसका फायदा करीब 1 करोड़ 11 लाख महिलाओं को मिलेगा। अगले साल तक इस स्कीम से लाभान्वित महिलाओं की संख्या 1 करोड़ 35 लाख हो जाएगी। हर साल 30,000 करोड़ रुपए कर्नाटक की महिलाओं के खातों में ट्रांसफर किए जाएंगे।

सुरजेवाला ने कहा कि हम रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। कल से राज्य में बने 7000 सेवा केंद्रों में जाकर महिलाएं अपना रजिस्ट्रेशन करा सकती हैं। जो माताएं-बहनें किन्हीं कारणों से केंद्रों पर नहीं जा पाएंगी, उनके लिए हम प्रजा प्रतिनिधि लगाएंगे। ये घर-घर जाकर मोबाइल एप की मदद से रजिस्ट्रेशन की प्रकिया में मदद करेंगे।।