दिल्ली के तीनों जल उपचार संयंत्र पूरी क्षमता से शुरू, अरविंद केजरीवाल ने DJB को दी बधाई

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (18 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना के जलस्तर में बढ़ोतरी के कारण वज़ीराबाद, ओखला और चंद्रावल तीनों जल उपचार संयंत्रों (डब्ल्यूटीपी) को बंद कर दिया था। वहीं अब तीनों जल उपचार संयंत्र फिर से चालू हो गए हैं और पूरी क्षमता पर काम करना शुरू कर दिया है। इस बात की जानकारी दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को ट्वीट करके दिया है। साथ ही उन्होंने इसके लिए दिल्ली जल बोर्ड के अधिकारियों को बधाई दी है।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “वजीराबाद जल उपचार संयंत्र ने भी पूरी क्षमता पर काम करना शुरू कर दिया है। अब सभी डब्ल्यूटीपी पूरी क्षमता से काम कर रहे हैं। डीजेबी ने बहुत मेहनत की। धन्यवाद डीजेबी!”

आपको बता दें दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में गिरावट जारी है। मंगलवार सुबह 7 बजे इसका जलस्तर 205.71 मीटर दर्ज किया गया है। लेकिन अभी भी यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।