दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और जलभराव के बीच आए डेंगू के कई मामले

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (17 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ और जलभराव के बीच डेंगू जैसी बीमारियों ने भी पांव पसारना शुरू कर दिया है। राजधानी दिल्ली में इस सप्ताह डेंगू के 27 मामले सामने आए। इस बात की जानकारी दिल्ली नगर निगम (MCD) ने रविवार को डेंगू साप्ताहिक रिपोर्ट जारी करके दिया है।

दिल्ली नगर निगम (MCD) द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में इस साल अब तक डेंगू के कुल 163 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं जुलाई महीने में वर्ष 2022 में 26, वर्ष 2021 में 16, वर्ष 2020 में 11, वर्ष 2019 में 18 और वर्ष 2018 में 19 डेंगू के मामले सामने आए थे।

दिल्ली नगर निगम (MCD) द्वारा जारी रिपोर्ट के मुताबिक, बीते एक सप्ताह में निगम के मध्य जोन से 1, सिटी सदर पहाड़गंज जोन से 0, सिविल लाइंस जोन से एक, करोल बाग जोन से 2, केशवपुरम जोन से 1, नजफगढ़ जोन से 2, नरेला जोन से 2, रोहिणी जोन से 3, शाहदरा उत्तरी जोन से 2, शाहदरा दक्षिण जोन से शून्य, दक्षिण जोन से 3 और पश्चिम जोन से 2 डेंगू के मामले आए हैं।

वर्ष 2018 से वर्ष 2022 की तुलना में सबसे ज्यादा डेंगू के मामले वर्ष 2021 में सामने आए थे। वर्ष 2021 में डेंगू के 9613 मामले सामने आए थे। जबकि वर्ष 2018 में 2798, वर्ष 2019 में 2036, वर्ष 2020 में 1072, वर्ष 2022 में 4469 मामले सामने आए हैं।