आप के आरोपों पर CM खट्टर बोले- हरियाणवी जान देकर बचाते हैं दूसरों की जिंदगी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (16 जुलाई 2023): यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में अभी भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बाढ़ की स्थिति के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा है। वहीं इसे लेकर दिल्ली सरकार और हरियाणा सरकार के बीच घमासान मचा हुआ है। अब इस पूरे मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की प्रतिक्रिया सामने आई है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आम आदमी पार्टी के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि “गर्मियों में दिल्ली के पीने के पानी की समस्या को दूर करने के लिए हमने अपने हिस्से का पानी भी उनको दिया था और आज जब आपदा आई तो वो राजनीति करने लगे। मैं इतनी घटिया राजनीति नहीं करता और हरियाणा का कोई भी व्यक्ति इतनी छोटी सोच का नहीं है कि खुद को बचाने के लिए दिल्ली को डुबाने की सोचे। हरियाणवी तो अपनी जान देकर भी दूसरों की जान बचाता है। दिल्ली में बाढ़ से प्रभावित लोगों के प्रति मेरी संवेदना है। हमसे जो भी मदद हो सकेगी हम करेंगे, पर इस विषय पर राजनीति करके उनकी तकलीफ पर नमक नहीं छिड़केंगे।”

उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि “अनपढ़, अज्ञानी ‘AAP’ नेताओं के बदनाम करने से हरियाणा बदनाम नहीं होगा। संवैधानिक पद पर होकर जोकर वाली बात करना इन लोगों को शोभा नहीं देता।”