हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने को लेकर गरमाई सियासत, पीडब्ल्यूडी मंत्री पूछे अहम सवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (16 जुलाई 2023): हथिनी कुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़े जाने को लेकर राजनीति गरमा गई है। इसे लेकर आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इसी कड़ी में दिल्ली की लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाते हुए सवाल उठाए हैं।

लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने कहा कि “ये बिल्कुल साफ है कि हथिनीकुंड बैराज से पानी 3 जगहों, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में जाता है। दिल्ली में पानी का स्तर खतरे के निशान से ऊपर जा रहा था, उसके बावजूद हथिनीकुंड बैराज से एक बूंद पानी हरियाणा और उत्तर प्रदेश में नहीं छोड़ा गया।”

उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि “क्या पानी इसलिए नहीं छोड़ा गया क्योंकि हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है और दिल्ली में AAP की सरकार है। ये तो ऐसा लगता है कि भाजपा दिल्लीवालों के खिलाफ साजिश कर रही है। अगर 3 जगह पानी छोड़ने के इंतजाम है, तो सिर्फ दिल्ली में पानी क्यों छोड़ा गया? इस बात पर भाजपा वालों को जवाब देना पड़ेगा। क्या दिल्ली में जो बाढ़ आई उसे रोका जा सकता था?”

बता दें कि यमुना का जलस्तर कम होना शुरू हो गया है, लेकिन अभी भी दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह 10 बजे नदी का जलस्तर 205.95 मीटर दर्ज किया गया हैं। दिल्ली में बनी बाढ़ की स्थिति के लिए आम आदमी पार्टी ने हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा है।