दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पर बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी बोले- ‘आप क्या काम करोगे केजरीवाल’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जुलाई 2023): यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में अभी भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में बाढ़ की स्थिति के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा है। इसे लेकर राजनीति गरमा गई है। बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी ने शनिवार को ट्विटर पर वीडियो शेयर कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि “जब दिल्ली के लोगो के लिए काम करने का समय आता है तब CM अरविंद केजरीवाल आरोप प्रत्यारोप का गंदा खेल खेलते हैं। यमुना मे जल का स्तर बढ़ा तो इन्हे अमित शाह जी याद आते है। दिल्ली मे कोरोना के समय में अमित शाह जी ऑक्सिजन दे दो। आप क्या काम करोगे केजरीवाल कहते हो स्वयं को दिल्ली का मालिक।”

बीजेपी सांसद रमेश बिधूड़ी अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए वीडियो में कहा कि “दिल्ली में बढ़ती बाढ़ की प्रॉब्लम और केजरीवाल की राजनीति, यह पहली बार नहीं कर रहे हैं। दिल्ली मे कोरोना के समय में भी इन्होंने ऐसा ही किया था। अगर अमित शाह जी कोरोना के समय मैदान में नहीं कूदते तो दिल्ली की क्या स्थिति होती ये सबके सामने है। अरविंद केजरीवाल ने अपने अहंकार में आकर यही हाल पूरी दिल्ली का बाढ़ को लेकर किया है। हथिनी कुंड का बार-बार नाम लेकर राजनीति किए जा रहे कि पानी को सहारनपुर डायवर्ट कर देते हैं तो वहां डायवर्ट कर देते हैं। जैसे जेब की चीज दूसरे को पकड़ा दी जाती है।”

उन्होंने आगे कहा कि “हथिनी कुंड बैराज की जो कैपेसिटी है वो 70 हजार क्यूसेक लीटर की है। जब वहां पर पानी ओवरलोडेड हो गया और 200000 क्यूसेक लीटर तक पहुंच गया तो 9 जुलाई को दिल्ली सरकार को अवगत कराया कि 72 घंटे के अंदर यह पानी दिल्ली पहुंचेगा और 100000 क्यूसेक लेटर पानी हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा जाएगा। अगर हथिनी कुंड बैराज से यह पानी नहीं छोड़ा जाता तो यह बैराज टूट सकता था। अगर बैराज टूट जाता तो क्या स्थिति होती है यह हम सबको पता है।”