आप सरकार के आरोप पर हरियाणा के गृह मंत्री बोले- ‘केजरीवाल जी बहुत समझदार हैं, वो पानी का स्वभाव बदल दें’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जुलाई 2023): यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में अभी भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बाढ़ की स्थिति के लिए हरियाणा सरकार को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा है। आम आदमी पार्टी के आरोपों पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की प्रतिक्रिया सामने आई है।

उन्होंने आम आदमी पार्टी के सांसद आरोपों पर जवाब देते हुए कहा कि “हमारे प्रदेश में भी तो कहीं और से ही पानी आया लेकिन हम तो दोषारोपण नहीं कर रहे हैं। हम अपने पानी के इंतजाम करने के प्रयास कर रहे हैं। केजरीवाल जी बहुत समझदार हैं, वो पानी का स्वभाव बदल दें। यमुना किनारे हमारे भी जितने गांव और शहर हैं, उनमें भी उतना ही पानी आया है। दिल्ली से पानी निकलने के बाद फिर से हरियाणा में पानी आता है। हम क्या जानबूझकर अपने ज़िलों में पानी छोड़ेंगे।”

दरअसल दिल्ली की लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने शनिवार को हरियाणा सरकार से सवाल करते हुए कहा कि “ये बहुत बड़ा सवाल है कि सारा पानी सिर्फ दिल्ली के लिए क्यों छोड़ा जा रहा था। हथिनी कुंड बैराज से जो पानी यूपी और हरियाणा जाता है उसके लिए एक बूंद पानी नहीं छोड़ा गया। हरियाणा को इसका जबाव देना पड़ेगा। क्या दिल्ली में बाढ़ की स्थिति को टाला जा सकता था?”