दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर! यमुना के जलस्तर में अब नहीं होगी बढ़ोतरी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जुलाई 2023): यमुना में जलस्तर बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में अभी भी बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। कई इलाकों में भारी जलभराव हो गया है। दिल्ली में बाढ़ की स्थिति पर दिल्ली सरकार के राजस्व सचिव और मंडलायुक्त अश्विनी कुमार ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर देते हुए बताया कि यमुना के जलस्तर में घटने की प्रवृत्ति जारी रहेगी क्योंकि दिल्ली और ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका नहीं है।

दिल्ली सरकार के राजस्व सचिव और मंडलायुक्त अश्विनी कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि “अब, पानी घट रहा है और यह आज और कल भी घटता रहेगा। घटने की प्रवृत्ति जारी रहेगी क्योंकि ऊपरी क्षेत्रों में वर्षा का कोई संकेत नहीं है। आज सुबह 11 बजे यमुना का जल स्तर 207.43 मीटर था और आज रात 11 बजे यह घटकर 206.72 मीटर हो जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि “हम जल स्तर में लगभग पांच सेंटीमीटर की कमी देख सकते हैं और कल तक स्थिति में और सुधार होगा। वर्तमान में दिल्ली में हमारे लगभग 44 शिविर हैं, उनमें से कुछ स्कूलों में हैं और कुछ अस्थायी व्यवस्था हैं जिन्हें हम केवल स्कूल भवनों में स्थानांतरित करने का लक्ष्य रख रहे हैं। अब तक निकाले गए लोगों की कुल संख्या 25,478 है और कुल 22,803 लोग शिविरों में आए हैं।”