दिल्ली मेट्रो ने यमुना पर बने मेट्रो पुलों को पार करते समय लगाया गया गति प्रतिबंध हटाया

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (15 जुलाई 2023): यमुना में पानी के घटने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यमुना पर बने मेट्रो पुलों को पार करते समय लगाया गया गति प्रतिबंध हटा दिया गया है। इस बात की जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने शनिवार को ट्वीट करके दिया है।

दिल्ली मेट्रो ने ट्वीट में लिखा है, “यमुना पर बने मेट्रो पुलों को पार करते समय लगाया गया गति प्रतिबंध हटा दिया गया है। सभी ट्रेनें अब सामान्य गति से चल रही हैं।”

बता दें कि दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने 13 जुलाई को ट्वीट कर कहा था कि यमुना के बढ़ते जल स्तर के कारण एहतियात के तौर पर नदी पर बने सभी चार मेट्रो पुलों से ट्रेनें 30 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से चलेगी।

यमुना नदी के जलस्तर में लगातार गिरावट जारी है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह 9 बजे यमुना नदी का जलस्तर 207.53 मीटर दर्ज किया गया है। लेकिन अभी भी दिल्ली के कई इलाकों में भारी जलभराव है जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।