हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने को लेकर सियासत गरम, ‘आप’ बोली सार्वजनिक कीजिए डाटा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जुलाई 2023): हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। पिछले दिनों अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि हरियाणा के हाथिनी कुंड बैराज से अधिक पानी छोड़े जाने के कारण यमुना के जलस्तर में वृद्धि हुई है। इसे लेकर दिल्ली के मुख्यंत्री अरविंद केजरीवाल और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर आमने-सामने आ गए हैं।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के बयान पर पलटवार करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि “अभी जो बाढ़ आया है वो प्राकृतिक आपदा है, इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। पहाड़ी राज्यों में जो बारिश हुई है, अचानक उसका प्रभाव हमारी नदियों में बढ़ा है। यमुना में 1 लाख क्यूसेक पानी था जो अगले दिन अचनाक 3.70 लाख क्यूसेक हो गया। जहां तक पानी छोड़ने का सवाल है, हमने अरविंद केजरीवाल को बताया है कि बैराज में एक सीमित मात्रा में पानी को नियंत्रित कर सकते हैं। बैराज की क्षमता 1 लाख क्यूसेक पानी की है, उससे अधिक जो भी पानी होगा उसे रोकना मुश्किल है। वहां से पानी छोड़ने के बाद सबसे पहले हरियाणा खुद प्रभावित हुआ है। हमारे कुछ ज़िलों के बाद दिल्ली आता है। इससे हम खुद प्रभावित हैं। उन्हें(अरविंद केजरीवाल) इस प्रकार का विषय नहीं रखना चाहिए कि पानी ज्यादा छोड़ा गया है।”

तो वहीं अब हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के बयानों पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने पलटवार करते हुए कहा कि “हरियाणा के मुख्यमंत्री बता रहे हैं की हरियाणा वाली बारिश प्राकृतिक आपदा है। बता रहे हैं कि उनको हरियाणा से पानी छोड़ना ही पड़ेगा। मान ली आपकी बात सर। प्लीज 10 जुलाई 2023 और 14 जुलाई 2023 तक का डाटा सार्वजनिक कीजिए और बताइए कि आपने हरियाणा के हथनीकुंड बैराज से पश्चिमी यमुना नहर के रास्ते दिल्ली की तरफ़ कितना पानी छोड़ा और पूर्वी यमुना नहर से उत्तर प्रदेश की तरफ़ कितना पानी छोड़ा। तभी पता चल पाएगा कि दिल्ली में प्राकृतिक आपदा आई थी या भाजपा द्वारा बुलाई गई थी।”