चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर देश के राजनेताओं और वैज्ञानिकों ने क्या कहा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जुलाई 2023): भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 चंद्रमा मिशन लॉन्च किया। वहीं चंद्रयान-3 के कक्षा में सफल प्रक्षेपण के बाद दुनिया भर के नेताओं और वैज्ञानिकों ने ISRO को बधाई दी है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर इसरो को बधाई देते हुए कहा कि “आज, हममें से एक अरब से अधिक लोग गर्व से चमकते हुए आकाश की ओर देख रहे हैं। चंद्रयान 3, 1962 में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के लॉन्च और 1969 में इसरो के निर्माण के बाद से वैज्ञानिक समुदाय द्वारा किए गए दशकों के श्रम का फल है। इस मिशन की सफलता हमें चंद्रमा की सतह पर अंतरिक्ष यान उतारने वाला चौथा देश बना देगी। सचमुच एक अविश्वसनीय उपलब्धि! इसरो की पूरी टीम को बधाई।

दिल्ली के मुख्यमंत्री और अरविंद केजरीवाल ने चंद्रयान-3 मिशन को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि “आज देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन है। चंद्रयान-3 मिशन के जरिए भारत एक बार फिर चांद पर कदम रखने की कोशिश करेगा।इस मिशन से जुड़े सभी वैज्ञानिकों और ISRO की पूरी टीम के साथ-साथ समस्त देशवासियों को अनंत शुभकामनाएं। उम्मीद है कि हम शीघ्र ही चांद पर भी तिरंगा फहराएंगे।” तो वहीं चंद्रयान 3 के सफल प्रक्षेपण पर के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अन्य ट्वीट कर कहा कि “जय हिंद, जय भारत।”

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर कहा कि “पूरे देश के लिए गर्व का क्षण। चंद्रयान 3 को कक्षा में सफलतापूर्वक लॉन्च करके अंतरिक्ष नवाचार में एक नया अध्याय रचने पर इसरो और वैज्ञानिकों की समर्पित टीम को हार्दिक बधाई। यह असाधारण प्रयास 1.4 अरब भारतीयों की आकांक्षाओं और सपनों को पूरा करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में, चंद्रमा मिशन में इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने वाले चौथे देश के रूप में खुद को सूचीबद्ध करेगा।”

दिल्ली के नेहरू तारामंडल की प्रोग्रामिंग मैनेजर प्रेरणा चंद्रा ने कहा कि “चंद्रयान 3 को लेकर इसरो के साथ-साथ सभी भारतीयों में उत्साह था। रॉकेट ने सभी चरणों को पार कर लिया है। यह 23 अगस्त को चंद्रमा की सतह पर लैंड करेगा। लैंडिंग के बाद रोवर अपना कार्य शुरु करेगा, जो पिछली बार नहीं हो पाया था।”

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि पूरा मिशन स्वदेशी है, यह आत्मनिर्भर भारत के मंत्र पर खरा उतर रहा है। यह आने वाले वर्षों में एक वैश्विक खिलाड़ी के रूप में, एक अग्रणी वैश्विक खिलाड़ी के रूप में भारत की भूमिका को भी दोहराएगा। उन्होंने आगे कहा कि मोदी सराकर के 9 साल के कार्यकाल में अब हम केवल रॉकेट लॉन्च करने तक ही सीमित नहीं हैं। दुनिया अब नेतृत्व करने के लिए हमारी ओर देख रही है, पहले दुनिया हमें इस तरह नहीं देखती थी।

तो वहीं दूसरी इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने कहा कि यदि सब कुछ ठीक रहा तो चंद्रयान की 23 अगस्त, शाम 5.47 बजे IST पर चंद्रमा की सतह पर लैंडिंग होगी। उन्होंने आगे कहा कि हमने पहले साल में देखा कि पहले क्या गलती की थी और उसके बाद दूसरे साल में क्या सुधार किया जाए कि ये बेहतर हो। फिर हमने देखा कि और क्या गलती हुई थी क्योंकि कुछ समस्याएं छिपी होती है जो हमने समीक्षा और टेस्ट द्वारा पता लगाया। तीसरे साल हमने सभी टेस्टिंग की और अंतिम साल में हमने अंतिम संयोजन और तैयारी की। मैं इस कार्य के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं।

आपको बता दें भारत के चंद्र मिशन के तहत चंद्रयान-3 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा से शुक्रवार दोपहर 2.35 बजे लॉन्च किया गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से चंद्रयान-3 को लॉन्च किया है।5 अगस्त को चंद्रमा की कक्षा में चंद्रयान-3 प्रवेश करेगा। चंद्रयान-3 एक लैंडर, एक रोवर और एक प्रोपल्शन मॉड्यूल से लैस है। इसका वजन करीब 3,900 किलोग्राम है।