हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ने पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने क्या कहा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जुलाई 2023): हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से पानी छोडे जाने को लेकर सियासत गरमा गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर आरोप लगाया था कि हथिनी कुंड बैराज से ज्यादा पानी छोड़े जाने के कारण दिल्ली में यमुना नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। वहीं अब इस मामले में हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का बयान सामने आया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि “अभी जो बाढ़ आया है वो प्राकृतिक आपदा है, इस पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। पहाड़ी राज्यों में जो बारिश हुई है, अचानक उसका प्रभाव हमारी नदियों में बढ़ा है। यमुना में 1 लाख क्यूसेक पानी था जो अगले दिन अचनाक 3.70 लाख क्यूसेक हो गया। जहां तक पानी छोड़ने का सवाल है, हमने अरविंद केजरीवाल को बताया है कि बैराज में एक सीमित मात्रा में पानी को नियंत्रित कर सकते हैं। बैराज की क्षमता 1 लाख क्यूसेक पानी की है, उससे अधिक जो भी पानी होगा उसे रोकना मुश्किल है।”

उन्होंने आगे कहा कि “वहां से पानी छोड़ने के बाद सबसे पहले हरियाणा खुद प्रभावित हुआ है। हमारे कुछ ज़िलों के बाद दिल्ली आता है। इससे हम खुद प्रभावित हैं। उन्हें(अरविंद केजरीवाल) इस प्रकार का विषय नहीं रखना चाहिए कि पानी ज्यादा छोड़ा गया है।”