लोगों को जल्द राहत मिलनी शुरू होगी, पानी धीरे-धीरे कम हो रहा है : अरविंद केजरीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है। इसके कारण दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया है, जिसकी वजह से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इसी बीच दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की इमारत के पास क्षतिग्रस्त नाले का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि “अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग कारण से पानी आ रहा है जैसे ITO पर यहां नाले के क्षतिग्रस्त होने की वजह से आया है, कहीं यमुना के कारण पानी आया है। अब राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। धीरे-धीरे पानी नीचे जाने लगा है। अभी जलस्तर 208.38 तक आ गया है।”

बता दें कि यमुना का जलस्तर गुरुवार को 208.66 मीटर तक पहुंच गया था। वहीं अब यमुना के जलस्तर में कमी आना शुरू हो गया है। लेकिन अभी भी यमुना खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।