दिल्ली में बाढ़ के बीच राहत की खबर, यमुना के जलस्तर में आई गिरावट

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जुलाई 2023): राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुए लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से छोड़े गए पानी के कारण यमुना नदी के जल स्तर में वृद्धि हुई है। इस कारण दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव हो गया है, जिसकी वजह से बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। इसी बीच दिल्लीवासियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। यमुना नदी के जलस्तर में धीरे-धीरे कमी आने लगी है।

इस मामले में दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री आतिशी ने कहा कि “दिल्ली वालों के लिए अच्छी खबर ये है कि पानी का लेवल बढ़ नहीं रहा है। अभी धीमी गति से पानी घटना शुरू हो गया है। पानी का लेवल नीचे जाने में अभी 1 दिन लगेगा। सारे नाले भर गए हैं, जिसके बैक फ्लो के कारण कई इलाकों में पानी भर रहा है। अभी पंपिंग संभव नहीं है। हम दिल्ली वालों से अपील करेंगे कि जिसको घर से निकलने की जरूरत नहीं है वे घर में ही रहें।”

बता दें कि यमुना का जलस्तर गुरुवार को 208.66 मीटर तक पहुंच गया था। रात 11 बजे के बाद इसमें कमी आने लगी। शुक्रवार सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर नीचे गिरकर 208.44 मीटर तक पहुंच गया है। यमुना के जलस्तर में कुछ कमी जरूर आई है लेकिन अभी भी यमुना खतरे के निशान 205.33 से तीन मीटर से ज्यादा ऊपर बह रही है।