यमुना में जलस्तर बढ़ने से ITO रोड पर भरा पानी, दफ्तर जाने वाले लोगों ने क्या कहा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (14 जुलाई 2023): यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया है। वहीं अब खबर आ रही है कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से आईटीओ रोड पर भारी जलभराव हो गया है, जिसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

एक यात्री ने कहा कहा कि “मैंने यह परिदृश्य पहले कभी नहीं देखा। हमें कार्यालय जाते समय बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हम चाहते हैं कि इस समस्या से जल्द से जल्द निपटा जाए।”

एक अन्य यात्री ने कहा कि “यमुना नदी के जल स्तर में वृद्धि के कारण बाढ़ आ गई है। मैंने इस स्तर का जलजमाव कभी नहीं देखा। हमें ऑफिस जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।”

बता दें कि यमुना का जलस्तर गुरुवार को 208.66 मीटर तक पहुंच गया था। रात 11 बजे के बाद इसमें कमी आने लगी। शुक्रवार सुबह आठ बजे यमुना का जलस्तर नीचे गिरकर 208.44 मीटर तक पहुंच गया है। यमुना के जलस्तर में कुछ कमी जरूर आई है लेकिन अभी भी यमुना खतरे के निशान 205.33 से तीन मीटर से ज्यादा ऊपर बह रही है।।