दिल्ली में मंडरा रहा बाढ़ का खतरा, यमुना के आसपास के इलाकों में घर में घुसा पानी

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (13 जुलाई 2023): राजधानी दिल्ली में लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ने के बाद यमुना नदी के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है। आलम यह है कि राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना के तटवर्ती क्षेत्रों और डूब के क्षेत्रों में लोगों के घरों में पानी घुस गया है। सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी हुई है लोग इस कारण से काफी परेशान हैं।

बता दें कि यमुना के जलस्तर में वृद्धि के कारण ना केवल यमुना के आसपास के वाले इलाकों में बल्कि दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कों पर जलजमाव की स्थिति है और लोगों के घरों में भी पानी घुस चुका है। यमुना के ठीक बगल में निगम बोध घाट पूरा डूब चुका है। वहां रहने वाले लोगों को अब किसी भीषण हादसे का डर सता रहा है।

टेन न्यूज नेटवर्क के संवाददाता कमल ने ग्राउंड जीरो पर जाकर स्थिति का जायजा लिया तो पाया कि समय के साथ हालात और भी विकराल होते जा रहे हैं। हालाकि इस बीच दिल्ली में सियासी लड़ाई भी जारी है, कांग्रेस और बीजेपी के नेता लगातार आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमलावर हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए सीएम ने दिल्ली के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को बंद करने के आदेश दिए हैं।।