दिल्ली सीएम ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र, ‘दिल्ली में बाढ़ आने पर होगी जगहसाई’

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (12 जुलाई 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री से अपील करते हुए कहा कि हथिनीकुंड से सीमित स्तर पर पानी छोड़ा जाये, जिससे यमुना का जलस्तर ना बढ़े। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में G20 शिखर सम्मेलन होना है। अगर दिल्ली में बाढ़ आती है, तो इससे दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा।

उन्होंने पत्र में लिखा है, “आज दोपहर 1 बजे दिल्ली में यमुना का स्तर 207.55 मीटर पहुँच गया है। ये खतरे के निशान (205.33 मीटर) से बहुत ऊपर है। इसके पहले यमुना का अभी तक अधिकतर स्तर वर्ष 1978 में पहुँचा था जो कि 207.49 मीटर था। उस वक्त दिल्ली में बाढ़ आ गई थी और काफी गंभीर स्थिति हो गई थी। 207.55 मीटर के स्तर पर अब यमुना में कभी भी बाढ़ आ सकती है।”

उन्होंने आगे कहा कि “अभी आये सेंट्रल वाटर कमीशन के अनुमान के अनुसार आज रात को यमुना का स्तर 207.72 मीटर पहुँच जाएगा जो कि बहुत चिंता की बात है। दिल्ली में पिछले तीन दिन से बारिश नहीं हुई। दिल्ली में यमुना में पानी का स्तर दिल्ली की बारिश की वजह से नहीं बढ़ रहा, बल्कि हरियाणा में स्थित हथिनीकुंड बैराज से छोड़े जाने वाले पानी की वजह से लगातार बढ़ रहा है।”

अरविंद केजरीवाल ने गृह मंत्री अमित शाह से आग्रह करते हुए कहा कि “मेरा आपसे विनम्र निवेदन है कि यदि संभव हो तो हथिनीकुंड बैराज से पानी को एक सीमित गति से ही छोड़ा जाए ताकि दिल्ली में यमुना का स्तर और न बढ़े।”

उन्होंने आगे कहा कि “दिल्ली देश की राजधानी है। और कुछ हफ्तों में यहाँ G20 शिखर वार्ता होने जा रही है। देश की राजधानी में बाढ़ की खबर से दुनिया में अच्छा संदेश नहीं जाएगा। हम सबको मिलकर इस स्थिति से दिल्ली के लोगों को बचाना है।”