खतरे के निशान के पार पहुंचा यमुना का जलस्तर, जानें क्या है मौजूदा हालात

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (11 जुलाई 2023): भारी बारिश और हरियाणा से छोड़े गए पानी के कारण यमुना उफान पर है। दिल्‍ली सरकार ने बाढ़ अलर्ट जारी कर दिया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार को खतरे के निशान (205.33 मीटर) के पार जा सकता है। सोमवार सुबह 8 बजे पुराने रेलवे ब्रिज पर यमुना का वाटर लेवल 203.33 मीटर दर्ज किया गया है। यहां पर चेतावनी का लेवल 204.50 मीटर पर है। हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में काफी पानी छोड़ा गया है। यमुना किनारे रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। यमुना के किनारे करीब 37 हजार लोग रहते हैं। पहाड़ी क्षेत्रों हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड व यमुना नदी के कैचमेंट एरिया में दो दिन से लगातार बारिश हो रही है। दिल्‍ली सरकार के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने चेतावनी जारी की। सभी सेक्टर अधिकारियों को निगरानी करने और तटबंधों के भीतर रहने वाले लोगों को चेतावनी देने के लिए कहा गया है।

लोक निर्माण विभाग की मंत्री आतिशी ने यमुना नदी का निरीक्षण किया। अतिशी ने कहा बारिश के कारण पीछे से यमुना नदी में भारी मात्रा में पानी आ रहा है। कल सुबह तक जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर पहुंच जाएगा। हमने स्थिति पर नजर बनाई हुई है। जो लोग पानी के करीब रहते हैं उन्हें रेस्क्यू किया जा रहा है। अभी स्थिति नियंत्रण में है।।