सरकार ने करके दिखाया, ईमानदार शासन से बढ़ता है राजस्व: सीएम केजरीवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (06 जुलाई 2023): दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दावा करते हुए कहा कि दिल्ली की पहली तिमाही का जीएसटी कलेक्शन पिछले साल की तुलना में 15% बढ़ा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को ट्विटर पर बीते 6 साल का जीएसटी कलेक्शन का आंकड़ा शेयर करते हुए ये दावा किया है। साथ ही बढ़े हुए जीएसटी के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपनी सरकार को श्रेय दिया है और कहा कि हमारी सरकार ने करके दिखाया है कि ईमानदार शासन से राजस्व बढ़ता है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट में लिखा है, “सरकारें अक्सर कहती हैं कि उनके पास अच्छे स्कूल और अस्पताल बनाने के लिए पैसे नहीं हैं। लेकिन दिल्ली में हमारी सरकार ने दिखाया है कि ईमानदार शासन से राजस्व बढ़ता है। दिल्ली का पहली तिमाही का जीएसटी कलेक्शन पिछले साल की तुलना में 15% की प्रभावशाली वृद्धि हुई है। इस तरह हमारे पास दिल्ली के लोगों के लिए अधिक स्कूल, अधिक अस्पताल, अधिक बुनियादी ढांचा बनाने के लिए पैसा होगा।”

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वर्ष 2018-19 से लेकर 2023-2024 की पहली तिमाही का जीएसटी कलेक्शन का आंकड़ा शेयर किया है। मुख्यमंत्री अरविंद के द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2018-19 में जीएसटी कलेक्शन 4,419.7 करोड़ रुपए था, वर्ष 2019-20 में 4668.23 करोड़ रुपए, 2020-2021 में 2474.78 करोड़ रुपए, 2021-2022 में 4014.98 करोड़ रुपए, 2022-2023 में 6985.05 करोड़ रुपए और 2023-2024 में 8028.91 करोड़ रुपए था।