बीजेपी दफ्तर के सामने प्रदर्शन करने पहुंची महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं को पुलिस ने किया डिटेन

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (04/07/2023): बढ़ती महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा की अगुवाई में महिला कांग्रेस की सैकड़ों कार्यकर्ता पंडित दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित बीजेपी हेडक्वार्टर के सामने अचानक प्रदर्शन करने पहुंच गई। इसके बाद महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को हटाने के लिए दिल्ली पुलिस के आला अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

देश में लगातार बढ़ते पेट्रोल डीजल के साथ-साथ सब्जियों के दाम को लेकर मोदी सरकार पर लगातार कांग्रेस पार्टी हमलावर है। कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर मोदी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को डिटेन कर लिया।

महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा ने कहा कि देश की जनता महंगाई से त्रस्त है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर चुप्पी साध कर बैठ गए हैं। लगातार देश के अंदर पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ रहे हैं सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं टमाटर का दाम आसमान छू रहा है लेकिन सरकार को इसकी कोई चिंता नहीं है। दिल्ली पुलिस के जवानों द्वारा महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को डिटेन करने का भी डिसूजा ने विरोध किया। महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने जबरदस्ती डिटेन किया है।।